न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
अलीगढ़ मंडल के संयुक्त विकास आयुक्त सर्वेश यादव ने सादाबाद ब्लॉक के गांव नौगांव और मंस्या का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीडीओ व एडीओ पंचायत को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जेडीसी ने नौगांव में सर्व प्रथम तालाब खोदाई का निरीक्षण किया और तालाब को गहरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक शौचालय और पंचायतघर का निरीक्षण किया। यहां बनाए गए एक प्रधानमंत्री आवास का भी बारीकी से निरीक्षण किया। गांव में पौधरोपण के लिए खोदे गए गड्ढों का निरीक्षण किया और पौधरोपण किए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने गांव मंस्या में प्रधानमंत्री आवास और निर्माणाधीन पंचायतघर का निरीक्षण किया।
पंचायतघर के निर्माण कार्य को अतिशीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत पंचायतघर के सौंदर्यीकरण कार्य को देखा और प्रसन्नता जाहिर की। यहां उन्होंने तालाब खोदाई के दौरान तालाब को गहरा कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर बीडीओ गरिमा खरे, एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल, सचिव देवेंद्र गौतम आदि थे।