संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
ब्लॉक मुरसान की ग्राम पंचायत भोजपुर में निर्मित पंचायत भवन और कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास का डीएम ने निरीक्षण किया। इनके निर्माण में ईंटों की गुणवत्ता खराब होने पर डीएम ने अधिशासी अभियंता एवं संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने पंचायत सचिव तथा पंचायत सहायक को रोस्टर के अनुसार बैठने एवं संचालित योजनाओं में पात्र लाभार्थियों के आवेदन ऑनलाइन कराने के निर्देश दिए। पंचायत भवन में जिलाधिकारी ने सचिव कक्ष तथा पंचायत सहायक कक्ष का निरीक्षण किया।
पंचायत सहायक कक्ष में कोई भी खिड़की न होने पर नाराजगी जताई। अभी तक विद्युत कनेक्शन न होने पर परियोजना निदेशक को संबंधित अधिशासी अभियंता विद्युत से समन्वय स्थापित करते हुए विद्युत कनेक्शन कराने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में डीएम ने उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम द्वारा बनाए जा रहे कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास का निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि परियोजना की लागत 176.58 लाख निर्धारित की गई है।
निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष निर्माण कार्य 35 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। छात्रावास का निर्माण दो तल में किया जाना है। जिसमें 24 कमरे, डाइनिंग हॉल, किचिन स्टोर रूम सहित तथा वार्डन रूम आदि का निर्माण किया जाना है।