हाथरस : घंटाघर के पास ट्रांसफॉर्मर को ठीक करते कर्मी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
गर्मी के मौसम में बिजली संकट से लोग काफी परेशान हैं। बुधवार को औद्योगिक क्षेत्र की बिजली सात घंटे गुल रही तो शहर के कई अन्य इलाकों में भी फॉल्ट होने से तीन घंटे बिजली बाधित रही। कटौती का असर औद्योगिक क्षेत्र में संचालित फैक्टरियों में उत्पादन पर भी पड़ा।
इधर, मुरसान गेट पर भी ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया। इस कारण इससे जुड़े इलाकों की बिजली भी ठप हो गई। विद्युत कर्मियों ने इसकी खराबी को दूर कर आपूर्ति को सुचारु किया। औद्योगिक क्षेत्र में हाल ही में नया फीडर बनकर तैयार हुआ है। बुधवार को वहां गार्डनिंग का काम हुआ।
इसकी वजह से सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक यहां बिजली गुल रही। फैक्टरियों में कामकाज भी बाधित रहा। शहर के नवीपुर, ओढ़पुरा, गिजरौली और वाटर वर्क्स बिजलीघरों की विद्युत लाइनों में भी फॉल्ट हुए। इसकी वजह से करीब तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बिजली गुल रहने से लोग परेशान रहे। हालांकि सूचना मिलने पर विद्युत कर्मियों ने लाइनों पर काम कराके फॉल्ट दूर कराए और विद्युत आपूर्ति को सुचारु कराया। उपखंड अधिकारी विशाल निषाद का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन पर गार्डनिंग का काम हुआ था। इसकी वजह से वहां बिजली आपूर्ति बाधित रही।