हाथरस : होली के त्योहार के मौके पर वाहन न मिलने पर इंतजार करते यात्री।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
होली के मौके पर रविवार को ट्रेनों और बसों में खासी भीड़ रही। लोगों को घर पहुंचने की जल्दी रही। रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए रविवार को लोकल रूटों पर अधिक बसों का संचालन किया। भीड़ को देखकर अधिकारियों के चेहरे खुशी से खिले हुए नजर आए। भीड़ अधिक होने के कारण डग्गामार वाहनों ने जमकर चांदी काटी। भीड़ के चलते लोगों को गंतव्य तक की दूरी तय करने में खासी मुश्किलों से जूझना पड़ा।
रविवार की सुबह से ही रोडवेज बस स्टैंड, तालाब चौराहा, नगला भुस और रुहेरी कट पर यात्रियों की जबर्दस्त भीड़ रही। रोडवेज बस आने के साथ यात्रियों को बसों में सवार होने की जल्दी रही। काफी यात्रियों ने जाम जोखिम में डालकर खिड़कियों से बसों के अंदर प्रवेश किया। रोडवेज प्रशासन ने आगरा, अलीगढ़, मथुरा और सिकंदराराऊ आदि मार्गों पर अधिक बसों का संचालन किया।
होली प्रोत्साहन योजना के तहत बसों के अतिरिक्त फेरे भी लगवाए गए, लेकिन भीड़ के आगे रोडवेज की बसें कम पड़ गईं। इसका फायदा डग्गामार वाहनों ने जमकर उठाया। नियमों को ताक पर रखकर क्षमता से अधिक यात्रियों को ढोया और उनसे किराये के मनमाने दाम भी वसूले।