न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पंचायत चुनाव के लिए बनाए गए बूथों का सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा सत्यापन किया जा रहा है। इस दौरान बूथों पर बिजली, पानी और दिव्यांगों के लिए रैंप आदि की समस्याएं सामने आ रही हैं। इन सुविधाओं की कमी होने संबंधी रिपोर्ट सेक्टर मजिस्ट्रेटों द्वारा निर्वाचन कार्यालय को रिपोर्ट दी जा रही है। इसके आधार पर मिलने वाली कमियों को दूर कराने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियों को तेजी से मूर्त रूप दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि जिले में प्रथम चरण में मतदान होना है। समय की कमी को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। इस क्रम में सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने अपने अपने बूथों का निरीक्षण तेज कर दिया है।
निरीक्षण में सामने आया है कि कई बूथों पर रैंप नहीं हैं। वहीं बूथों पर बिजली और पानी आदि की भी समस्या बनी हुई है। इन सभी कमियों की रिपोर्ट सेक्टर मजिस्ट्रेटों द्वारा निर्वाचन कार्यालय को दी जा रही है। इसके आधार पर निर्वाचन कार्यालय की ओर से बूथों पर कमियों को दूर कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए जा रहे हैं।