संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
ब्लॉक परिसर हसायन में क्षेत्र पंचायत की बैठक शनिवार को हुई। बैठक में सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राना ने कहा कि हसायन विकास खंड में अब तक बड़े-बड़े कार्य हुए। आगे भी विकास कार्यों का इसी तरह सिलसिला जारी रहेगा। हसायन विकास खंड का तेजी से विकास होगा।
बैठक में क्षेत्र पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों के अलावा आगामी योजनाओं को समझाया गया। राना ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख ने जो विकास कार्य क्षेत्र में कराए गए है वह सराहनीय हैं। आगे अगर कहीं मेरी आवश्यकता पड़ी तो मैं हर कदम पर उनके साथ खड़ा हूं।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र पाल सिंह उर्फ पीलू भैया ने कहा कि विकास कार्य बिना किसी भेदभाव के कराए गए हैं। प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखते हुए आगे भी विकास कार्य होते रहेंगे। बैठक में खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने 15वें वित्त आयोग एवं पंचम राज्य वित्त के साथ मनरेगा के बजट पर प्रकाश डालते हुए आगामी योजनाओं को बताया।
ब्लॉक प्रमुख ने मुख्य अतिथि विधायक वीरेंद्र सिंह राना को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक में उपस्थित जेई निर्दोष कुमार, एडीओ पंचायत केके गौतम, ग्राम पंचायत अधिकारी संजीव सारस्वत, ग्राम विकास अधिकारी आनंद कुमार, देश दीपक, ग्रीश कुमार, नागेंद सिंह, छोटे लाल, गजेंद्र सिंह, अजय बांगर, नरेश कुमार, वीरेश कुमार, बंटी कुमार आदि थे।