न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
समुदाय में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता लाने और स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर सोमवार (21 जून) को खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा। इस मौके पर सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न अस्थायी साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा और इसके प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन चतुर्वेदी ने बताया कि समुदाय स्तर पर परिवार नियोजन संबंधी जागरूकता और स्वीकार्यता बढ़ाने के साथ परिवार नियोजन के समस्त साधनों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 21 जून को खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाएगा। नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ. डीके अग्रवाल ने बताया परिवार नियोजन एक ऐसा मुद्दा है, जिससे भविष्य का निर्माण होता है, इसलिए परिवार नियोजन की सुविधाओं को जन-जन तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग का दायित्व बनता है। इसी परिप्रेक्ष्य में 21 जून को खुशहाल परिवार दिवस मनाया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये सभी आशा कार्यकर्ता को कम से कम एक-एक लाभार्थी को अंतरा इंजेक्शन का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना है। ऐसी महिलाएं, जिनका प्रसव विगत एक वर्ष में हुआ है और वह उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) की श्रेणी में रही हों, नव विवाहित दंपती, जिनका विवाह विगत एक वर्ष में हुआ हो। योग्य दंपती, जिनके तीन या उससे अधिक बच्चे हों, ऐसे लोगों को परिवार नियोजन के लिए जागरूक किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक बलवीर सिंह वर्मा ने कहा कि कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य कर्मी कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करते हुए आने वाले दंपती व अन्य लोगों को परिवार नियोजन के साधनों के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें इसे अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। परिवार नियोजन के लिए उपलब्ध बास्केट ऑफ च्वॉइस, साधनों की जानकारी, भ्रांतियों को दूर करने, सेवाओं की उपलब्धता, स्वीकार्यता और प्रोत्साहन राशि की जानकारी दी जाएगी।