हाथरस : जिला अस्पताल में दुर्घटना को लेकर जानकारी हासिल करती पुलिस। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
चंदपा क्षेत्र में मीतई के निकट रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत के बाद पहले घटनास्थल और फिर जिला अस्पताल में चीख-पुकार मची रही। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। इसमें मृत गुलिफ्सा की शादी को केवल तीन महीने हुए थे। उसके हाथों की मेहंदी के निशान भी नहीं मिटे थे कि वह मौत के आगोश में समा गई। खुशी वाले परिवार में मातम छा गया।
आगरा के टेड़ी बगिया निवासी आमीन के बेटे आदिल की शादी तीन महीने पहले गुलिफ्सा के साथ हुई थी। पूरा परिवार अभी शादी की खुशियों में ही डूबा हुआ था। आमीन अपने पूरे परिवार व नई नवेली दुल्हल के साथ अलीगढ़ अपनी बहन के यहां जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
आगरा से परिवार कार में सवार होकर खुशी के साथ अलीगढ़ के लिए रवाना हुआ, लेकिन कुछ ही देर में यह खुशी मातम में बदल गई। आमीन की पत्नी मीना, पुत्रवधू गुलिफ्सा और धेवते उस्मान की दुर्घटना में मौत हो गई। जिला अस्पताल व पोस्टमार्टम गृह पर मृतकों के परिवार व रिश्तेदारी के लोगों की भीड़ लग गई। वहां घंटों चीख-पुकार और हाय-तौबा मची रही। संवाद