न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पुरदिलनगर मार्ग स्थित खारजा नहरपुल के समीप शनिवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान सिकंदराराऊ थानाक्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी लोकेंद्र पाल सिंह के पुत्र पुष्पेंद्र प्रताप सिंह (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है।
शनिवार की सुबह नहर पुल के पास रेलवे ट्रैक पर लोग टहल रहे थे। उन्होंने एक युवक का शव क्षत विक्षत पड़ा हुआ था। सूचना पर रेलवे एवं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया था।
समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बाद मृतक के परिजन कोतवाली पहुंचे। उन्होंने उसके कपड़ों से उसकी पहचान की। बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे तीन बेटियों एवं पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया है। उसकी मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद