संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले में अधिकांश हाईटेंशन तार बिना गार्ड वायर (तारों के नीचे जाल) के गुजर रहे हैं। इससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। रविवार को सिकंदराराऊ के मोहल्ला नौरंगाबाद में हाईटेंशन तार ही टूटकर गिरने से एक युवक की मौत हो गई। इन सबके बावजूद अधिकारी बेसुध बने हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि शहर से देहात तक बिजली आपूर्ति करने के लिए 200 से अधिक फीडर सक्रिय है। इन एक बिजलीघर से दूसरे बिजली को जोड़ने के लिए 33 हजार केवीए की लाइन की मदद ली जाती है। शहर से देहात तक कई स्थानों पर बड़ी लाइनें बिना गार्ड वायर के गुजर रही है। यदि इन लाइनों के नीचे तारों का जाल लगा हो तो तार टूटकर जमीन पर नीचे नहीं आएगा। सुरक्षा के लिहाज से विभाग द्वारा खानापूर्ति बरती जा रही है। इसे लेकर लोगों में गुस्सा है।
आए दिन फुंकते है विद्युत उपकरण
शहर में अधिकांश स्थानों पर एक खंभा से एलटी व हाईटेंशन लाइनें गुजर रही है। यदि हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी की लाइन पर गिरता है तो हाई वोल्टेज करंट घरों में दौड़ता है। इससे कई बार शहर में अलग अलग इलाकों में विद्युत उपकरण भी फुंक गए हैं। इस कारण लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
- बिजली लाइन जगह जगह जर्जर होने के साथ झूल रही है। इस कारण आए दिन तार टूटते रहते हैं। विभाग को लाइनों को दुरुस्त करने पर ध्यान देना चाहिए। ताकि विद्युत आपूर्ति निर्बाध चले। - संदीप, उपभोक्ता।
- बिजली लाइनों के नीचे गार्ड वायर लगना चाहिए। ताकि तार टूटने के बाद जमीन पर नीचे नहीं आए। बड़ी लाइन का तार टूटकर जब एलटी की लाइन पर गिरता है तो विद्युत उपकरण भी फुंक जाते हैं। इससे आर्थिक नुकसान होता है। - मेघश्याम, उपभोक्ता
- जिले में जिन बिजली लाइनों के नीचे गार्ड वायर नहीं हैं उन लाइनों का सर्वे कराया जाएगा। सर्वे बाद लाइनों पर गार्डिंग का काम कराया जाएगा। - एमपी सिंह, अधीक्षण अभियंता।