हाथरस : विटामिन ए की दवा पिलाने के लिए अभियान को लेकर बैठक करते स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रत्येक वर्ष में जून व दिसंबर में 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए विटामिन ए पिलाने का अभियान ‘बाल स्वास्थ्य पोषण माह’ का आयोजन किया जाता है। इस बार यह अभियान 28 जुलाई से चलाया जाएगा। जनपद में बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए बाल स्वास्थ्य पोषण माह के तहत नौ माह से पांच वर्ष तक के 201758 बच्चों को ‘विटामिन ए’ की दवा पिलाई जाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी/ एसीएमओ डॉ. विजेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना के समय में सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए भीड़ नहीं होने दी जाएगी। पोषण माह में बच्चों को विटामिन ए की खुराक नियमित टीकाकरण के दौरान बुधवार और शनिवार को पिलाई जाती है। विटामिन ए बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मददगार होती है।
कोरोना की तीसरी लहर आने की संभावना के तहत यह विटामिन ए बच्चो को दिया जाना बहुत जरूरी है। वहीं सोमवार को सीएमओ डॉ. सीएम चतुर्वेदी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अंतर्विभागीय संवेदीकरण कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम संबंधित विभिन्न जानकारी प्रदान की गई। विटामिन ए देने के लिए इस बार हर बच्चे के लिए अलग डिस्पोजेबल चम्मच का प्रयोग होगा।