हाथरस : कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव मोहनपुरा में हुई बच्चे की हत्या का खुलासा करते सीओ सादाबाद ?
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव मोहनपुरा में हुई 12 साल के बच्चे की हत्या रंजिश के चलते की गई थी। पड़ोस में ही रहने वाले एक पिता और उसके बेटे ने इस घटना को अंजाम दिया था। पहले तो बच्चे का तार से गला घोंटा गया और फिर उसके गले व सीने में कील घोंप दी। पुलिस ने दोनो को गिरफ्तार कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि 18 अगस्त 2021 को कोतवाली चंदपा के गांव मोहनपुरा निवासी ललित (12 वर्ष) पुत्र धर्मवीर का शव गांव के पास ही खेत में पड़ा मिला था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की तो यह बात निकलकर आई कि बच्चे की हत्या गांव के ही रहने वाले पिता-पुत्र राधेश्याम पुत्र छिंगामल व बिंटू पुत्र राधेश्याम निवासी गांव मोहनपुरा ने पुरानी रंजिश के चलते की थी।
दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए इलाका पुलिस व एसओजी की टीम पिछले कई दिनों से लगी हुई थी। पुलिस ने हतीसा पुल के पास से रविवार की सुबह बच्चे की हत्या के आरोपी पिता पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे मामले का खुलासा सादाबाद सीओ ब्रह्म सिंह ने कोतवाली चंदपा में किया।
उन्होंने बताया कि बच्चे की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश थी। यह भी बताया कि पिता-पुत्र ने पहले तो बच्चे का गला तांबे के तार से घोंटा। यहां पर बच्चेे की मौत हो गई है या नहीं, यह बात साफ न होने के बाद अभियुक्तों ने बच्चे की गर्दन व सीने में कील घोंप दी और बच्चे को मौत के घाट उतारकर दोनों अपने घर लौट आए। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से हत्या में प्रयोग किए गए तांबे के तार और कील को भी बरामद किया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसएचओ नीतावीर सिंह, प्रभारी एसओजी प्रमोद कुमार शर्मा, एचसी शीलेश कुमार, जवाहरलाल, धर्मवीर सिंह, रमन कुमार शामिल थे। संवाद