हाथरस : तरफरा रोड पर डिब्बा फैक्टरी में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके के तरफरा रोड स्थित डिब्बा फैक्टरी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। वहां मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। वहां दमकल की कई गाड़ियां पहुंच गईं। काफी कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
मोहनलाल अग्रवाल निवासी बीएच ऑयल मिल रोड की तरफरा रोड पर मोहन पैकेजिंग प्रोडक्ट के नाम से डिब्बा बनाने की फैक्टरी है। बुधवार की दोपहर को फैक्टरी के कर्मचारी लंच कर रहे थे। इस बीच शॉर्ट सर्किट से फैक्टरी में आग लग गई। यह देखकर मजदूरों में भगदड़ मच गई। फायर ब्रिगेड को फोन किया गया। यहां मौजूद लोग आग पर काबू पाने में जुट गए। इस बीच आग काफी भड़क गई।
यहां पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने में जुट गई। काफी कड़ी मशक्कत के बाद आग पर आग पाया जा सका। आग बुझने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। सीएफओ अरविंद कुमार ने बताया कि आग में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। संवाद