न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मंदिर श्रीदाऊजी महाराज और वेद भगवान शिविर को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी रमेश रंजन से मिला और उनसे मंदिर का सौंदर्यीकरण कराने के अलावा वेद भगवान शिविर में पूजा-पाठ की गतिविधियों के संचालन के लिए वहां से पीएसी की टुकड़ी को हटाने की मांग की। मेला श्रीदाऊजी महाराज का आयोजन कराने की भी मांग डीएम से की गई। डीएम ने आश्वासन दिया कि जल्द ही वह खुद मेला क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति देखेंगे।
वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश कुमार शर्मा, वेद भगवान सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा फौजी की अगुवाई में यह प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला। इन लोगों ने मेला श्रीदाऊजी महाराज के आयोजन के साथ मंदिर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराने, मंदिर व मेला क्षेत्र से अतिक्रमण हटवाने की मांग की। जितेंद्र स्वरूप फौजी ने मांग की कि वेद भगवान शिविर से पीएसी की टुकड़ी हटाई जाए।
उन्होंने मेला श्री दाऊजी महाराज के आयोजन की भी मांग की। उन्होंने कहा कि वहां वेद भगवान सभा के धार्मिक पूजा-पाठ मेला अवधि से शुरू करा अंत तक निरंतर जारी रखने की अनुमति दी जाए। डीएम ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह 26 या 27 अगस्त को मेला क्षेत्र में आएंगे और वहां खुद स्थिति देखेंगे। संवाद