हाथरस : विद्युत विभाग के स्टोर परिसर में साफ्टवेयर सही होने का इंतजार करते किसान। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिजली महकमे में भंडारगृह से सामान जारी करने के लिए ईआरपी सिस्टम लागू हो गया है। इसके तहत अब सामान जारी करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन हो गई है, लेकिन शुरुआत में यह सिस्टम नलकूप किसानों के लिए मुसीबत बन गया है। सुबह विद्युत भंडारगृह पर सामान लेने पहुंचे किसानों को सॉफ्टवेयर में आ रही दिक्कतों के चलते मुश्किलों से जूझना पड़ा। सॉफ्टवेयर में एक जुलाई की जगह 30 जून तारीख आ रही थी। इस कारण सुबह से शाम तक कामकाज भी प्रभावित रहा। किसान सिस्टम सही होने का इंतजार करते रहे।
उल्लेखनीय है कि बिजली महकमे के स्टोर से एक अप्रैल से 24 जून तक 200 से अधिक किसानों ने नलकूप के सामान के लिए आवेदन किया है। इस दौरान स्टोर से निर्धारित शेड्यूल के तहत सामान दिया जा रहा है। ट्रांसफॉर्मरों की कमी के चलते करीब 50 किसान कई दिनों से इनके लिए लाइन में लगे हुए थे। शुक्रवार की सुबह स्टोर पर ट्रांसफॉर्मर आने के बाद सूची चस्पा कर दी गई। किसान स्टोर पर सामान देने की मांग करने लगे। अधिकारी यह कहते हुए नजर आए कि ईआरपी सिस्टम के चलते सॉफ्टवेयर में दिक्कत आ रही है।
अधिकारियों का कहना है कि सॉफ्टवेयर में एक जुलाई की जगह 30 जून की तिथि आ रही थी। इस कारण उपभोक्ताओं को गेट पास जारी नहीं हो सके। शाम को कुछ उपभोक्ताओं को गेट पास जारी किए। बाकी उपभोक्ता बैरंग लौट गए, इसलिए ईआरपी सिस्टम उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द बना हुआ है। उपखंड अधिकारी (एसडीओ) स्टोर सुशील कुमार का कहना है कि सॉफ्टवेयर में दिक्कत के चलते गेटपास जारी होने में दिक्कतें आई थीं। शाम को खामी दूर होने के बाद सामग्री का वितरण किया गया। संवाद