न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एमजी पॉलीटेकिभनक में विधानसभा चुनाव के लिए 10 मार्च को होने वाली मतगणना को सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी रमेश रंजन ने पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के साथ मतगणना स्थल का मुआयना किया। उन्होंने मतगणना स्थल पर चल रहीं तैयारियों को परखा और इन्हें समय से पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। अधिकारियों से कहा गया कि मतगणना के दौरान व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहनी चाहिए। किसी प्रकार की कोई अव्यवस्था न फैलने पाए।
डीएम ने मतगणना कार्मिकों, मीडिया कर्मियों और अन्य लोगों के बैठने के लिए बनाए गए पंडाल एवं सुरक्षा की दृष्टि से की गई बैरिकेडिंग स्थल सहित समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया। समस्त संबंधित प्रभारी अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की कोई समस्या है तो उसका समाधान तत्काल कर लें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतगणना परिसर में कोई भी व्यक्ति बिना पास के प्रवेश नहीं करेगा। मतगणना परिसर के मुख्य द्वार पर गहनता से जांच करने के उपरांत ही व्यक्तियों को परिसर के अंदर प्रवेश दिया जाए। मतगणना सभागार में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, अस्त्र-शस्त्र, पानी की बोतल, माचिस या अन्य कोई ज्वलनशील पदार्थ ले जाना पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने बैरिकेडिंग स्थलों और आने-जाने वाले सभी लोगों की प्रत्येक गतिविधियों की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए। एसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ सिटी को मतगणना के दृष्टिगत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना परिसर से निर्धारित दूरी पर स्थित समस्त दुकानों को बंद कराना सुनिश्चित करें। मतगणना स्थल के अलावा परिसर में कराई जा रही बैरिकेडिंग के बीच छोटी-छोटी गलियों में भी बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी अनधिकृत वाहन प्रथम बैरिकेडिंग के अंदर प्रवेश नहीं करेगा।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार ने बताया कि मतगणना स्थल की ओर शहर से आने वाले मुख्य मार्ग पर प्रथम बैरिकेडिंग डीआरबी इंटर कॉलेज तिराहे के पास और द्वितीय बैरिकेडिंग यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पास बनाई गई है। हाथरस तथा सिकंदराराऊ की ओर से आने वाले मतगणना से संबंधित व्यक्तियों के वाहन पार्किंग की व्यवस्था डीआरबी इंटर कॉलेज के पास की गई है। इसी प्रकार मतगणना स्थल की ओर सादाबाद से आने वाले मुख्य मार्ग पर प्रथम बैरिकेडिंग खंड विकास अधिकारी कार्यालय के पास और द्वितीय बैरिकेडिंग पुरानी पुलिस लाईन मैदान के पास कराई गई है। पुरानी पुलिस लाइन के मैदान पर ही सादाबाद की ओर से आने वाले मतगणना से संबंधित व्यक्तियों के वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दोनों तरफ की द्वितीय बैरिकेडिंग से केवल अधिकृत व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे। मतगणना केंद्र के मुख्य द्वार पर मोबाइल फोन जमा करने की व्यवस्था की गई है। संवाद