न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर 76 लोगों के यहां कटिया डालकर बिजली चोरी पकड़ी गई। लाखों रुपये के 483 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। एक करोड़ से अधिक का राजस्व वसूला गया। चेकिंग को लेकर बिजली चोरी करने वालों और बकायेदारों में खलबली मची रही।
उल्लेखनीय है कि शहर में 34 प्रतिशत व देहात में 60 प्रतिशत बिजली की चोरी हो रही है। विभाग का करोड़ों रुपये का बकाया बकाया है। तमाम कोशिशों के बाद भी विभाग को बकाया नहीं मिला। चोरी का ग्राफ भी कम नहीं हो रहा है। इस कारण अफसरों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान क्लास लग रही है।
मंगलवार को अधीक्षण अभियंता एमपी सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अभियान के दौरान 76 लोगों के यहां बिजली चोरी पकड़ी। इन सभी के खिलाफ बिजली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। 483 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। एक करोड़ एक लाख रुपये का राजस्व वसूला गया। संवाद