न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के वाटर वर्क्स, कांशीराम टाउनशिप उपकेंद्र व न्यायालय फीडर की लाइन पर रविवार को खंभा बदलने का काम हुआ। इस कारण सुबह से आठ हजार घरों में सुबह तीन घंटे तक बिजली संकट रहा। बिजली गुल होने के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई।
उल्लेखनीय है कि बिजली विभाग द्वारा अब गर्मी बढ़ने के साथ लाइनों व खंभों को दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है। इस क्रम में उपखंड अधिकारी पवन वर्मा के निर्देश पर शहर के वाटर वर्क्स, कांशीराम टाउनशिप सबस्टेशन व न्यायालय फीडर की लाइन पर 33 केवीए के खंभों को बदलने का काम किया गया। इस कारण सुबह तीन घंटे बिजली बंद रही।
सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली गुल रही। बिना बिजली के लोग जरूरी कामकाज नहीं कर सके। दोपहर में बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। एसडीओ पवन वर्मा का कहना है कि पोल बदलने का कार्य किया गया था। इस कारण कुछ घंटे आठ हजार घरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। संवाद
गर्मी में बिजली आए दिन गुल हो रही है। इस कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग को गर्मी को ध्यान में रखते हुए बेहतर आपूर्ति करनी चाहिए।
-इस्लाम खां निवासी सीयल खेड़ा।
बिजली गुल होना आम बात हो गई है। कभी दिन में तो कभी रात में बिजली कटौती हो रही है। बिना बिजली के शहर का व्यापार भी प्रभावित हा रहा है।
-रईस अहमद अब्बासी निवासी किला गेट।
भीषण गर्मी पड़ रही है और ऐसे में अंधाधुंध बिजली कटौती हो रही है। कभी बिजली स्टेशनों पर काम करने की बात कही जाती है तो कभी फॉल्ट होने की बात कही जाती है।
-सर्वेश निवासी जलेसर रोड