गांव गुतहरा में बवाल के बाद तैनात पुलिस।
- फोटो : SHAPHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
क्षेत्र के गांव गुतहरा में मंगलवार की देर रात दो समुदाय के बीच हुई मारपीट और पथराव की घटना के बाद दोनों समुदायों के लोगों के साथ अन्य ग्रामीण भी गांव में अमन-चैन चाहते हैं। वैसे भी गांव में रोजाना की तरह चहल-पहल है। दोनों समुदाय के लोग काम पर जाने लगे हैं। गांव में तनाव जैसी भी कोई स्थिति नहीं है।
गांव के बुजुर्ग लोगों का कहना है कि जिस दिन झगड़ा हुआ था, वह आस्कमिक था। दोनों समुदाय के लोगों के पूर्वज इसी गांव के रहने वाले थे। त्योहारों एवं शादी विवाह में एक-दूसरे के यहां आना-जाना था, जो अब भी बरकरार है। जिन लोगों के नाम मुकदमा दर्ज है, उनको अब पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने का भय सता रहा है। गांव में सुरक्षा एवं शांति की दृष्टि से पुलिस बल तैनात है।
मंगलवार को युवाओं में गलतफहमी होने के कारण यह घटना हो गई। घटना के बाद दोनों ओर के लोगों को अब काफी बुरा लग रहा है। दोनों समुदाय गांव में शांति चाहते हैं।
-रोहिताश शाह
हमें तो झगड़े का पता ही नहीं चला। दोपहर को एक ही परिवार में ब्याही बहन ही गाली-गलौज कर रही थी। अब मंगलवार के बाद गांव में किसी भी तरह का कोई तनाव भी नहीं है। सभी प्यार से अपने काम कर रहे हैं।
-जमीला बेगम
गांव में सभी जाति एवं धर्म के लोग रहते हैं। इसके साथ कुछ अन्य गांवों के दुकानदार भी यहां आकर अपनी दुकान करते हैं। कभी किसी के मध्य मतभेद नहीं था और अब भी नहीं है। गांव में पूरी तरह शांति है और आगे भी रहेगी।
-संतोष प्रजापति