न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रक्षाबंधन का पर्व पर इस बार परिवहन निगम ने प्रोत्साहन योजना लागू नहीं की है। इस कारण बड़ी संख्या में चालक-परिचालक ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। कार्यशाला में बड़ी संख्या में बसों के पहिये थमे रहे। यात्रियों को काफी मुश्किलों से जूझना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि रक्षाबंधन पर बसों के अतिरिक्त संचालन के साथ प्रोत्साहन योजना लागू की जाती है। इस दौरान अधिक किलोमीटर अर्जित करने वालों को इनामी राशि दी जाती है। पहली बार निगम स्तर से प्रोत्साहन योजना लागू नहीं की गई है। इस कारण काफी चालक-परिचालक ड्यूटी पर नहीं आए। डिपो में बड़ी संख्या में बसें खड़ी रहीं।
किसी बस में चालक नहीं था तो किसी में परिचालक नहीं था। इस कारण यात्रियों को बस में बैठकर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। नोएडा जाने वाले यात्रियों के लिए भी बसों का अभाव रहा। यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बसों का संचालन प्रभावित होने से हाथरस डिपो को लाखों रुपये का नुकसान भी उठाना पड़ा। संवाद