संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनरतले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने ग्रीष्मकालीन अवकाश व विभिन्न मांगों के समाधान को लेकर डीएम के नाम एक ज्ञापन ओसी कलेक्ट्रेट अंजली गंगवार को सौंपा। ज्ञापन के जरिये ग्रीष्मकालीन अवकाश कराए जाने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष मीना कुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चे बहुत छोटे होते हैं। जिनकी उम्र लगभग तीन-छह वर्ष की होती है। इनको धूप व गर्मी से होने वाली बीमारियों को ध्यान में रखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों का अवकाश घोषित किया जाए।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के जो भी कार्य हैं वह संबद्ध व नियमानुसार किए जाएंगे। ज्ञापन के जरिए कहा कि 1-5 वर्ष पूर्ण होने पर होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का इंक्रीमेंट नहीं बना है।
पोषण ट्रैक पर फीड़िंग करते हुए भी फीडिंग कार्य पोर्टल पर नहीं दिख रहा है। कुछ कार्यकर्ताओं के मोबाइल के रिचार्ज की धनराशि खातों में आई है, कुछ कार्यकर्ताओं के खातों में अभी तक धनराशि नहीं आई है। इस मौके पर हरिप्यारी, राम कटोरी, नीलम गुप्ता, कमलेश शर्मा, सुमन शर्मा, रजनी बाला, विमलेश, प्रेमलता चौधरी आदि मौजूद थे।