संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
एटा रोड स्थित गांव रतिभानपुर के निकट रविवार की रात एक कंटेनर कार से टकरा गया। हादसे के बाद कार सवारों ने कंटेनर चालक की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चालक को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई।
औरैया निवासी भरत सिंह का पुत्र उदयवीर (47) पंजाब से एक कंटेनर लेकर कलकत्ता जा रहा था। रविवार की रात्रि को गांव रतिभान पुर के समीप पहुंचा। इसी दौरान उसकी कंटेनर की एक कार से टक्कर हो गई। घटना के बाद कार सवारों ने कंटेनर को पकड़ लिया और चालक के साथ मारपीट कर दी।
मारपीट में कंटेनर चालक को काफी चोटें आईं। कार सवार चालक से मारपीट करने बाद फरार हो गए। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। यहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
यहां रविवार की रात इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक चालक के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल में कराया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।