न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के एक प्रधानाचार्य और नौ शिक्षक मूल्यांकन कार्य से दूर रहेंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इन 10 शिक्षकों को यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य के लिए डिबार कर दिया है। इनकी सूची भी बोर्ड ने जारी कर दी है।
जिले के तीन मूल्यांकन केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू होगा। इससे पहले बोर्ड ने प्रदेश भर में डिबार किए गए शिक्षकों की सूची जारी की है। इनमें जिले के पांच इंटर कॉलेजों के 10 शिक्षकों के नाम शामिल हैं।
मीतई के जवाहर स्मारक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य व पांच शिक्षकों के नाम बोर्ड द्वारा जारी की गई डिबार शिक्षकों की सूची में शामिल हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ऋतु गोयल ने बताया कि डिबार किए गए शिक्षकों से मूल्यांकन का कार्य नहीं कराया जाएगा। इसके संबंध में मूल्यांकन केंद्रों को भी सूचना दे दी गई है। संवाद
इन शिक्षकों को किया गया डिबार
जेए इंटर कॉलेज रुहेरी के रामनाथ कौशिक, एमपी इंटर कॉलेज सुजावलपुर के होरीलाल वर्मा, जवाहर स्मारक इंटर कॉलेज मीतई के प्रधानाचार्य ओमवीर सिंह, अरुण कुमार शर्मा, उमेश कुमार शर्मा, सतरूद्ध प्रकाश यादव, सुभाषचंद्र शर्मा और अजय सरोज को डिबार किया गया है। श्री एमपी इंटर कॉलेज रमनगला के चंद्रवीर सिंह और एसजीआर इंटर कॉलेज पुरदिलनगर के पालसिंह यादव को भी डिबार घोषित किया गया है।