संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पर रिश्तेदार बताकर नगला चौबे निवासी युवक के साथ ऑनलाइन ठगी की घटना को अंजाम दिया था। खाते से फोन पे के माध्यम से फ्रॉड कर निकाले गए 24,000 रुपये साइबर सेल टीम द्वारा वापस कराए गए।
प्रवेंद्र पुत्र गंगाराम निवासी नगला चौबे थाना हाथरस गेट द्वारा ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उसके पास अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पर रिश्तेदार बताते हुए खाते से फोन पे के मध्यम से 24,000 रुपये निकाले गए।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में प्राप्त शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए साइबर सेल टीम की सक्रियता व प्रयास से इस प्रकरण में प्रवेंद्र के रुपये वापस कराए गए। रुपये वापस पाकर प्रवेंद्र ने खुशी का इजहार करते हुए कार्यालय साइबर सैल हाथरस पहुंचकर हाथरस पुलिस को धन्यवाद कहा और साइबर सेल टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। साइबर सेल टीम में ऋषिपाल सिंह प्रभारी साइबर सेल, गौरव तोमर, अलोक कुमार, मोहित कुमार शामिल हैं।