हाथरस : डीएम और एसपी के साथ जिला कारागार अलीगढ़ का निरीक्षण करतीं जिला जज। विज्ञप्ति
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जनपद न्यायाधीश श्रीमती मृदुला कुमार, जिलाधिकारी रमेश रंजन व पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने संयुक्त रूप से अलीगढ़ जिला कारागार का निरीक्षण किया। जिला कारागार में सफाई व्यवस्था ठीक पाई गई।
जनपद न्यायाधीश ने बंदियों से उनकी तारीख पेशी के संबंध में जानकारी की और उनकी हिस्ट्री टिकटों को देखा। कुछ हिस्ट्री टिकटों पर अग्रिम तिथि अंकित नहीं थी और कुछ बंदियों की डाक टिकटें जीर्ण-शीर्ण मिलीं। इस संबंध में कारागार अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि हिस्ट्री टिकटों पर अग्रिम तिथि अंकित करें और जो टिकटें जीर्ण-शीर्ण हो गए हैं, उनको बदलना सुनिश्चित करें। इस दौरान तीनों अधिकारियों ने चिकित्सालय, पाकशाला व बंदियों की बैरकों का भी निरीक्षण किया। देखा गया कि कुछ बंदी मास्क नहीं लगाए हुए थे। इस संबंध में जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए सभी बंदियों को मास्क लगवाना सुनिश्चित करें।
इसके अतिरिक्त महिला बैरक का निरीक्षण किया गया। जो बच्चे अपनी मां के साथ रह रहे हैं, उनके टीकाकरण के संबंध में कार्ड को देखा गया तो पाया कि टीकाकरण नियमित रूप से किया जा रहा है। वरिष्ठ चिकित्सक को पुरुष बंदियों, महिला बंदियों और बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। सफाई और खाने-पीने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी की गई तो देखा कि कारागार में सफाई सही अवस्था में पाई गई।
डीएम ने कारापाल को और अधिक साफ-सफाई एवं कोरोना महामारी के चलते सैनिटाइजर एवं मास्क की समुचित व्यवस्था रखने के लिए निर्देशित किया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक अलीगढ़ को निर्देशित किया गया कि वह उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। संवाद