हाथरस : डग्गेमार वाहनों में बैठतीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भाईदूज पर रोडवेज बसों और डग्गेमार वाहनों में काफी भीड़ रही। गंतव्य तक जाने के लिए बसें नहीं मिली तो लोगों को जान जोखिम में डालकर वाहनों की छतों पर यात्रा करनी पड़ी। डग्गामार वाहनों वालों ने मौके को खूब भुनाया। मनमाने दाम वसूलकर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया। रोडवेज द्वारा यात्रियों के लिए किए गए इंतजाम धराशायी हो गए। यात्रियों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा। गंतव्य तक की दूरी तय करने में यात्रियों को मुश्किलों से जूझना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि रोडवेज द्वारा यात्रियों को राहत देने व आय बढ़ाने के लिए दिवाली प्रोत्साहन योजना शुरू की गई थी। खराबी के चलते कुछ बसों का संचालन नहीं हुआ। डिपो के अधिकारियों का कहना था कि दिवाली पर यात्रियों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद भी रोडवेज पर्याप्त बसों का संचालन नहीं कर सका।
शनिवार को भाईदूज के पर्व पर शहर के रोडवेज बस स्टैंड, तालाब चौराहा, मथुरा बरेली मार्ग पर सुबह यात्रियों की काफी भीड़ रही। कई घंटे तक यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ा। शहर से देहात तक कई स्थानों पर यात्री परेशान नजर आए। यात्रियों को काफी दिक्कतों से जूझना पड़ा। परेशानी यात्री रोडवेज प्रशासन को कोसते नजर आए। डग्गेमार वाहन वालों ने इस मौके को खूब भुनाया। संवाद
ट्रेनों में भी रही भीड़
हाथरस। पिछले वर्ष कोरोना काल के चलते पैसिंजर ट्रेनों का संचालन बंद था। इस बार मथुरा कासगंज रूट पर शिड्यूल के अनुसार चल रही पैसिंजर ट्रेनों में यात्रियों की काफी भीड़ रही। ट्रेन में सवार होने के लिए यात्रियों को काफी मुकिश्लों से जूझना पड़ा। वहीं सुरक्षा की दृष्टी से जीआरपी व आरपीएफ द्वारा यात्रियों की समान की चेकिंग की गई। स्टेशन परिसर में हर आने व जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी गई। संवाद