हाथरस : नोडल अधिकारी जेबा मजीद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करती हुईं। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जनपद न्यायाधीश मृदुला कुमार के निर्देशानुसार 14 मई को जिले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के लिए नोडल अधिकारी अपर जिला जज (एडीजे) कोर्ट संख्या तीन जेबा मसीद की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में नोडल अधिकारी ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों से 14 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में राजस्व, स्टांप, फौजदारी और अन्य मामलों से संबंधित अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के लिए चर्चा की। उन्होंने सभी प्रशासनिक अधिकारियों से अपेक्षा की कि पक्षकारों को सुलह-समझौता के आधार पर वादों को निस्तारण कराने के संबंध में उत्प्रेरित करें।
उन्होंने यातायात पुलिस क्षेत्राधिकारी को चालानों से संबंधित जारी नोटिस सम्मन की तामीला कराने व नोटिस तामील कार्य में अधिक से अधिक पुलिसकर्मियों को लगाने के संबंध में उचित कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। प्राधिकरण की सचिव चेतना सिंह ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत में पूर्ण सहयोग प्रदान करने व अधिवक्ताओं से सामंजस्य स्थापित करते हुए अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित कराने की अपेक्षा की।
बैठक में प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट वेद सिंह चौहान, एसडीएम सादाबाद शिव सिंह, डीएसओ एसपी शाक्य, सीओ ट्रैफिक एसके वाजपेयी, तहसीलदार सिकंदराराऊ सुशील कुमार, तहसीलदार सासनी अनिल कुमार, उपसंभागीय परिवहन अधिकारी लालाराम मौजूद थे। संवाद