न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मथुरा रोड सुंदरबाग के निकट ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह कासगंज का निवासी था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
जनपद कासगंज के थाना ढोलना क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी शिव सिंह (40 वर्ष) पुत्र डोरीलाल राजस्थान के अलवर में कचरी की फैक्टरी में काम करता था। मंगलवार की सुबह वह बाइक से अपने गांव जाने के लिए अलवर से निकला। मथुरा रोड पर सुंदरबाग के निकट वह जैसे ही पहुंचा तो उसे ट्रक की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई।
बुरी तरह से घायल शिव सिंह को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही उसके परिवार के लोग करीब तीन घंटे बाद जिला अस्पताल पहुंचे और शिव सिंह को गंभीर हालत में अलीगढ़ के लिए ले जाने लगे। इस बीच रास्ते में शिव सिंह की मौत हो गई। परिवार के लोग शव को लेकर हाथरस आ गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद ट्रक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। संवाद