न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
इस बार अगस्त का महीना कपड़ा, एवं सराफा कारोबारियों के लिए बेहतर साबित हो सकता है। शुक्रवार से 22 अगस्त तक खरीदारी के विशेष दस योग बन रहे हैं। इस संयोग में खरीदारी करना ग्राहकों का मंगल करेगा।
आचार्य सुरेंद्रनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि शुक्रवार से 22 अगस्त तक खरीदारी के विशेष दस योग बने हुए हैं। इनमें सोना, चांदी के गहने खरीदना फायदेमंद साबित होगा। इन योग में तीन रवि योग, चार सर्वार्थ सिद्धि योग व दो राजयोग शामिल हैं। इन विशेष योग के बीच रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। कारोबारियों को उम्मीद है कि रक्षाबंधन पर्व के कारण साड़ियों एवं गहनों का कारोबार सामान्य से अधिक होगा।
ऐसे बनते हैं रवि व सर्वार्थ सिद्धि योग
उन्होंने बताया कि तिथि का दिन वार वग नक्षत्र मिलकर जो विशेष योग बनते हैं उसे सर्वार्थ सिद्धि योग कहते हैं। इस विशेष संयोग में जो काम किया जाता है वह सफल फायदा देने वाला होता है। इस योग में गहना, सहित अन्य वस्तुओं की खरीदारी का महत्व है। इसी प्रकार रवि पुष्य नक्षत्र होने से रवि योग बनाता है। हर काम के लिए ये योग लाभकारी साबित होता है। उन्होंने कहा कि 22 अगस्त तक खास योग हैं।
किस तारीख में कौन सा योग
13 अगस्त को रवि योग व राज योग। 14 अगस्त को सर्वार्थ सिद्धि योग, 15 अगस्त को त्रिपुर योग, 16 अगस्त को सर्वार्थ सिद्धि योग, 17 अगस्त को रवि योग, 18 अगस्त को कुमार योग, 20-21 अगस्त को सर्वार्थ सिद्धि योग, 22 अगस्त को राज योग रहेगा। सभी योग में सुबह से शाम तक खरीदारी के मुहूर्त हैं। संवाद