न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मिशन शक्ति 3.0 योजना के अंतर्गत माह अगस्त 2021 की कार्ययोजना के अनुसार बृहस्पतिवार को स्वावलंबन शिविर का आयोजन किया गया। समस्त विकास खंड कार्यालयों के अलावा नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के कार्यालयों में भी महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के पात्र आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन कराए गए। पूर्व में कराए गए आवेदनों में आ रही समस्या का समाधान भी प्रस्तुत किया गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी डीके सिंह के निर्देशन में टीम ने सभी विकास खंडों में कन्या सुमंगला और निराश्रित पेंशन योजना के आवेदन भरवाए। महिला कल्याण अधिकारी मोनिका गौतम ने टीम के साथ घर-घर जाकर विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। कुछ महिलाओं ने विधवा पेंशन और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के आवेदनों के विषय में जानकारी ली।
उपस्थित महिलाओं को अपने घर पर बेटा व बेटी की एक समान परवरिश करने के लिए प्रेरित किया गया। यह भी बताया गया कि आज के युग में कोई भी ऐसा काम नहीं है, जो बेटियां नहीं कर सकें। बस समाज को अपनी सोच बदलते हुए उन्हें उचित अवसर देने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक ज्योति तोमर, सीमा, ललिता, घरेलू महिलाएं रूबी, मिथलेश, सीमा, भगवान देवी, उषा देवी, सावित्री, गुंजन, विमलेश, लक्ष्मी, सीमा, ललिता आदि उपस्थित रहीं। संवाद