न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले की ग्राम पंचायतों में बने सभी सामुदायिक शौचालयों के ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा सत्यापन कर रिपोर्ट दी जाएगी। अमर उजाला अभियान के तहत शौचालयों की बदहाली के खबर प्रकाशित किए जाने के बाद जिलाधिकारी रमेश रंजन के निर्देश पर परियोजना निदेशक (पीडी) ने सभी पंचायत सचिवों को निर्देश दिए हैं। डीपीआरओ ने सभी शौचालयों की खराब स्थिति पर सभी एडीओ पंचायतों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
खुले में शौच से मुक्ति के मकसद से शहर व गांवों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया गया। कुछ शौचालयों के निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किया गया। कुछ में निर्माण के बाद से ही ताला लटका हुआ है और इनका प्रयोग नहीं होता। वहां तैनात कर्मचारी ताला खोलने की नहीं आते। कुछ सामुदायिक शौचालय में पानी की व्यवस्था भी नहीं है। इसे लेकर अमर उजाला अभियान के तहत खबरें प्रकाशित की गईं।
इसे लेकर अब जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। डीएम के निर्देश पर सभी सामुदायिक शौचालयों की सत्यापन रिपोर्ट बीडीओ के माध्यम से मांगी गई हैं। डीपीआरओ जीडी जैन ने खराब स्थिति में पड़े सभी शौचालयों के मामले में सभी एडीओ पंचायत को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। संवाद