संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कुरसंडा में डेंगू से निपटने के लिए प्रशासन की मशक्कत जारी है। गांव कुरसंडा में पथवारी मां के मंदिर के पीछे मोहल्ला माढ़न थोक स्थित ओवरफ्लो हो चुकी पोखर से पानी की निकासी के लिए प्रशासनिक टीम ने रविवार को सख्ती पूर्वक अतिक्रमण हटवाकर नाले की खुदाई कराई। इस दौरान जमकर हंगामा और नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस प्रशासन ने सख्ती के साथ अतिक्रमण को हटवा दिया।
आरआई डीसी पौरूष ने बताया कि पिछले कई सालों से इस पोखर को लेकर दो पक्षों में विवाद था। कुछ लोगों ने पोखर से निकलने वाले नाले को अपने खेतों में जोतकर उस पर अवैध कब्जा कर लिया गया था। इसे लेकर कई बार शिकायतें भी हुईं।
रविवार को एसडीएम के निर्देश पर मौके पर वह स्वयं, नायब तहसीलदार रामगोपाल सिंह, एडीओ पंचायत देवेंद्र गौतम, लेखपाल ऋषि, एसएसआई अनिल कुमार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। पोखर से पानी की निकासी के लिए जेसीबी के जरिए करीब छह मीटर का नाला खुदवाया गया, यह नाला बंबे से जाकर मिलता है।
इस दौरान काफी हंगामा और नोकझोंक हुई, लेकिन प्रशासन ने सख्ती से कब्जे को हटवा दिया। गौरतलब हो इस नाले का एक दिन पूर्व ही एसडीएम ने भी निरीक्षण किया था। पोखर के पानी की निकासी न होने की वजह से गांव में मच्छर पनप रहे थे, जो कि बीमारी फैलाने में मुख्य वजह थे।