अलीगढ़ रोड पर सूखी पड़ी नहर। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर के अलीगढ़ रोड पर 14 साल पहले बनी नई नहर में पानी आने का इंतजार जल्द खत्म हो जाएगा। जल्द ही इस नहर में पानी छोड़ा जाएगा। फिलहाल पुरानी नहर पर दो पुलिया के निर्माण के चलते इसके पानी को दो महीने के लिए नई नहर में डायवर्ट किया जाएगा।
पुरानी नहर पर एक पुल का निर्माण किंदौली तो दूसरे का निर्माण गांव रतनगढ़ी के पास किया जाएगा। दोनों पुलों के निर्माण में करीब 70 लाख रुपये की लागत आएगी। उल्लेखनीय है कि शहर के अलीगढ़ रोड से निकल रही नहर का पुल ब्रिटिश काल में बना था।
इस नहर के रास्ते में आने वाले दो पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इन पुलों के निर्माण में करीब दो माह का समय लगेगा। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों का कहना है कि दो महीने तक नहर के पानी को रोका नहीं जा सकता है। इस कारण पुरानी नहर का पानी नई नहर में डायवर्ट किया जा रहा है। पानी को रजबहों तक पहुंचाने के लिए रेगुलेटरों की मदद ली जाएगी।
पुराने पुल के नवीनीकरण से सुगम होगा यातायात
अलीगढ़ रोड स्थित नहर के पुराने पुल से हर रोज हजारों की संख्या में वाहन गंतव्य तक की दूरी तय करते हैं। पुराने पुलों के जीर्णोद्धार के चलते इन पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित होगा। सभी वाहनों का आवागमन नये पुल से होगा।
लोक निर्माण विभाग ने इस पुल के दोनों ओर छोटा खंभा लगवाने के साथ रिफ्लेक्टर भी लगवाए हैं, ताकि रात में वाहन स्वामियों को आवागमन में आसानी हो। पुल से पहले दोनों ओर पीले रंग के ब्रेकर भी लगवाए गए हैं।