न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ/सादाबाद (हाथरस)।
भीम आर्मी के जिला प्रभारी रंजीत सागर ने कोतवाली में तहरीर देकर फेसबुक पेज आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। रंजीत ने बताया है कि उनके समाज के फेसबुक पेज पर कुछ लोगों द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। वे लोग सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। जिस पेज से यह टिप्पणी की गई है, वह भी समाज विशेष का ही है। इससे जाटव समाज में आक्रोश है।
रंजीत सागर ने बताया कि फेसबुक पेज पर इस तरह के कई पोस्ट डाले गए हैं। इन पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया है जो समाज की भावनाओं को आहत करने वाले हैं। रंजीत आशंका जाहिर की है कि अगर सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह की गतिविधियों को नहीं रोका गया तो शांति व्यवस्था भंग हो सकती है। इसलिए इस तरह का प्रयास करने वाले लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाए। यदि कार्रवाई नहीं की गई तो इसकी पूरी जिम्मेदार पुलिस प्रशासन एवं प्रशासन की होगी। तहरीर लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद