न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
चौथ मांगने के मुकदमे में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर को कोतवाली सदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक किलोग्राम डायजापाम बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के आदेश पर अपराधियों की धर-पकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस ने चौथ मांगने के मुकदमे में वांछित चल रहे कोतवाली हाथरस जंक्शन के टॉप-10 अपराधी व हिस्ट्रीशीटर बदमाश मोना ठाकुर पुत्र रहीशपाल सिंह निवासी नगला इमलिया थाना हाथरस जंक्शन को गिरफ्तार कर लिया।
उसके पास से एक किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ (डायजापाम) बरामद किया गया है। अभियुक्त थाना हाथरस जंक्शन का टॉप-10 बदमाश व हिस्ट्रीशीटर है। वह पूर्व में भी कई गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध जनपद हाथरस, मथुरा व अलीगढ़ के विभिन्न थानों में हत्या, अपहरण, आर्म्स एक्ट आदि संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। संवाद