आखिरी कुश्ती के लिए पहलवानों के हाथ मिलवाते प्रवीन पौनियां। संवाद
- फोटो : Samvad
सादाबाद की ग्राम पंचायत कुरसंडा के गांव नगला ध्यान में दंगल का आयोजन किया गया। इसमें कुश्तियों का मुकाबला देखने के लिए कुश्ती प्रेमियों की भीड़ उमड़ी। हरियाणा केसरी और ब्रज केसरी की कुश्ती बराबरी पर छूटी।
21 हजार रुपये की आखिरी कुश्ती की शुरुआत मुख्य अतिथि वरिष्ठ रालोद नेता और समाजसेवी प्रवीन पौनियां ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर कराई। यह कुश्ती हरियाणा केसरी रोहित पहलवान और ब्रज केसरी गौरव पहलवान सरौठ के मध्य हुई। काफी देर तक दोनों पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबला चलता रहा। दोनों पहलवानों को दंगल कमेटी द्वारा सम्मानित किया गया। इससे पूर्व दंगल संयोजक बनी सिंह पहलवान और अध्यक्ष सतेंद्र फौजदार ने मुख्य अतिथि प्रवीन पौनियां का स्वाफा बांधकर स्वागत किया।
बनी सिंह पहलवान ने बताया कि 11 हजार रुपये की कुश्ती अजीत पहलवान कुंवरपुर और अमन पहलवान नंदूगढ़ी के मध्य हुई। यह भी बराबर रही। 5100 रुपये की कुश्ती सोनू पहलवान गुरसौटी और नरेश पहलवान भुर्रका के बीच हुई, जिसमें नरेश पहलवान विजयी रहे। रालोद जिलाध्यक्ष केशवदेव चौधरी, रेफरी जगवीर पहलवान, श्यामबाबू शर्मा, धीरा पहलवान के अलावा रालोद युवा नेता प्रदीप चौधरी, डाॅ. बच्चू सिंह, चंद्रपाल सिंह, रामवीर सिंह शर्मा, श्रीकृष्ण मैनेजर, रतीराम सिंह आदि थे।