विकास भवन स्थित कृषि कार्यालय में कर्जमाफी के लिए आवेदन देते किसान।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। ऋण मोचन योजना के तहत शासन स्तर से जिले के 400 किसानों की कर्जमाफी किए जाने पर मुहर लगी है। हालांकि कृषि विभाग के जरिए 1,675 किसानों की डिमांड जेनरेट की गई थी, लेकिन शासन स्तर से सत्यापन के दौरान 1,275 किसानों को अपात्र मानकर रोक दिया गया है।
अब फिलहाल 21 जनवरी तक कर्जमाफी के लिए किसानों से नए आवेदन लिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।शासन के निर्देश पर ऋण मोचन योजना के तहत किसानों से 21 जनवरी तक आवेदन लिए जा रहे हैं, ताकि इन आवेदन पत्रों को ऑनलाइन फीड कर संबंधित तहसीलों से लेखपाल और बैंक की रिपोर्ट लगवाई जा सके। इसे लेकर इन दिनों कृषि विभाग कार्यालय में फॉर्म जमा करने के लिए किसानों की भीड़ लगी हुई है। वहीं विगत में विभाग को 3,146 किसानों के आवेदन ऋण माफी के लिए प्राप्त हुए थे।
इन आवेदनों में से विभाग ने 1,675 के दस्तावेजों को स्कैन कर चयनित किया था। इन किसानों की डिमांड जेनरेट कर विभाग द्वारा शासन को भेजी गई थी। शासन स्तर से इनमें से मात्र 400 किसानों को ही कर्जमाफी का लाभ दिया गया है। शेष किसानों को अपात्र मानते हुए फॉर्मों को रिजेक्ट कर दिया गया है।