न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पुलिस ने शनिवार की शाम को नहरोई रजबहे की पुलिया के निकट चार बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इन बदमाशों ने लूट की दो वारदातों का इकबाल किया है। इन बदमाशों से पुलिस ने वैगनार कार, लूटी गई नगदी, मोबाइल फोन, आभूषण के अलावा असलाह बरामद किए हैं।
उल्लेखनीय है कि सात मई को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में प्रतीक पाराशर निवासी 5/3 बीमा नगर सूतमील बन्ना देवी जनपद अलीगढ़ ने तहरीर दी थी कि आसमानी रंग की वैगनआर कार में सवार चार अज्ञात लोगों ने उनको हाथरस बस स्टैंड से अलीगढ़ के लिए सवारी के रूप में बैठाया। रास्ते में तालाब चौराहा ओवरब्रिज पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट और लूटपाट की। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। 21 जुलाई 2021 को थाना चंदपा में वेदप्रकाश पुत्र चोब सिंह निवासी नगला भोलू थाना सहपऊ ने तहरीर दी थी कि वह अपनी पुत्री को विदा कराकर अपने घर लौट रहे थे। तभी थाना चंदपा क्षेत्रांतर्गत नगला भुस तिराहे के समीप दो मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाश उनकी बेटी के हाथ से पर्स छीनकर ले गए। इस मामले में भी चंदपा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) विकास कुमार वैद्य ने दोेनों वारदातों के खुलासे के लिए टीमें लगाईं थीं। कोतवाली सदर और एसओसी टीम ने दोनों घटनाओं में शामिल चार शातिर बदमाशों को शनिवार की शाम करीब पांच बजे नहरोई रजबहे की पुलिया के पास मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। एसपी ने पत्रकारों को बताया कि पूछताछ में इन शातिर बदमाशों ने बताया कि वह एकराय होकर रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को चिन्हित कर सुनसान जगह पर उनसे जंजीर, अंगूठी, रुपये आदि मौका पाकर छीनकर भाग जाते हैं।
लूटपाट से जो पैसा मिलता है, उसको वह बराबर बांटकर जीवन यापन करते हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि छह मई को उन्होंने अपने साथी अमित कुमार की वैगनआर कार में एक व्यक्ति को बस स्टैंड से अलीगढ़ जाने के बैठाया था और रास्ते में आभूषण और रुपये आदि लूटकर भाग गए थे। अभियुक्त अमित कुमार व विष्णु चौधरी ने बताया कि 20 जुलाई 2021 को नगला भुस तिराहे के समीप उन दोनों ने ही एक महिला से पर्स छीना था। इसमें जो रुपये मिले थे, उनको आपस में बांट लिया था। संवाद
ये हुए हैं गिरफ्तार
अमित कुमार पुत्र विजय सिंह निवासी ग्राम भकरोई थाना मुरसान, विष्णु चौधरी पुत्र कमल सिंह निवासी ग्राम भूडरी थाना मुरसान, विष्णु पुत्र पप्पू सिंह निवासी ग्राम भकरोई थाना मुरसान व मोहित ठाकुर पुत्र बबलू सिंह निवासी केरिया नगला थाना सासनी।
यह सामान हुआ बरामद
बदमाशों से 27,500 रुपये नकद, एक वन प्लस कंपनी का मोबाइल फोन, एक जंजीर, एक अंगूठी, एक घड़ी सोनाटा कंपनी, दो अवैध तमंचे 315 बोर व कारतूस, अवैध चाकू के अलावा एक वैगनआर कार भी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक चारों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक सदर कोतवाली लोकेश भाटी, निरीक्षक गिरीशचंद्र गौतम, प्रभारी एसओजी जनपद हाथरस, एसएसआई अयूब खान, अभय कुमार प्रभारी सर्विलांस टीम, एसआई जयप्रकाश यादव आदि पुलिस अधिकारी व कर्मी गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल रहे।