हाथरस-सिकंदराराऊ मार्ग स्थित कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के रमनपुर पर 14 अक्तूबर की शाम को दो बाइक आमने-सामने भिड़ गईं। दुर्घटना में बाइक सवार एक फाइनेंस कर्मी की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए बागला संयुक्त जिला अस्पताल लाया गया। जहां एक युवक की हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिला निवासी 35 वर्षीय विवेक एक निजी फाइनेंस कर्मी के पद पर कार्यरत थे। इन दिनों वह शहर के विष्णुपुरी में किराये मकान पर रह रहे थे। शाम को वह किसी कार्य के सिलसिले में बाइक से हाथरस से सिकंदराराऊ की ओर जा रहे थे। तभी कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के रमनपुर पर सामने से आ रही बाइक से उनकी भीषण भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना में विवेक व दूसरी बाइक पर सवार शहर के इगलास अड्डा, माहेश्वरी कॉलोनी निवासी गोली व आदित्य गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए बागला संयुक्त जिला अस्पताल भिजवाया।
जहां चिकित्सक ने विवेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गोलू की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाली हाथरस जंक्शन प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।