शहर से लगे मोहल्ला श्रीनगर नई बस्ती में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से डेढ़ दशक बाद भी यहां के बाशिंदे जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। इलाके में करीब आठ हजार की आबादी इस समस्या से बेहाल है। इस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घर व खाली पड़े भूखंड पूरी तरह गंदे पानी में डूब चुके हैं, जिससे क्षेत्र में संक्रामक रोग फैलने का डर बना हुआ है।
बीते 15 साल से मोहल्ले में जलभराव की समस्या देखते आ रहे हैं। अधिकांश समय पानी भरा रहता है। इस कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। -उत्तम, श्रीनगर नई बस्ती
विज्ञापन
मोहल्ले में जलनिकासी का कोई इंतजाम नहीं है। इस कारण जलभराव की समस्या रहती है। बारिश के दिनों में हालात और ज्यादा बिगड़ जाते हैं। बारिश में घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। -आजिम, श्रीनगर, नई बस्ती
मोहल्ले में कुछ साल पहले सीवर लाइन डाली गई थी, लेकिन सीवर लाइन काफी छोटी डाली गई। साथ ही सड़क ऊंची हो गई है। इस वजह से भी जलभराव रहता है। -आदिल खान, श्रीनगर नई बस्ती
अभी तक यह क्षेत्र हमारे वार्ड में नहीं था। क्षेत्र में व्याप्त जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। समस्या के निराकरण के लिए क्षेत्र में पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराए जाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। पंपिंग स्टेशन बनने के बाद काफी हद तक जलभराव की समस्या को दूर कर लिया जाएगा। -विमलेश सुरेश चौधरी, सभासद वार्ड नंबर 21