हाथरस में ओलावृष्टि व बारिश ने किसानों की होली बदरंग कर दी है। एक ओर सरसों व गेंहू की फसल बिछ गई है। वहीं आलू के खेतों में पानी भर गया है। हालांकि बारिश से आलू की पैदावार और गणुवत्ता दोनों प्रभावित होगी। किसान खेतों से पानी निकालने में जुट गए हैं।
होली में मौसम अचानक बदल गया। बुधवार शाम ओलावृष्टि व बारिश के कारण सादाबाद, सहपऊ, हसायन, हाथरस जंक्शन क्षेत्रों के साथ-साथ सिकंदाराराऊ में आने वाले गांवों में गेंहू, सरसों, और आलू की फसल बर्बाद हो गई है। अब किसान फसल के बचाव को लेकर प्रयास कर रहे हैं। शहर में तो हल्की बूंदाबांदी हुई है। बारिश से लोगों को गर्मी से जरूर राहत मिली। लेकिन ग्रामीण अंचल में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।
ओलावृष्टि व बारिश से नष्ट हुई फसल को देख किसान चिंतत है। कृषि विभाग व प्रशासन की टीमें नुकसान का आकलन करने में जुट गई हैं। आलू व गेहूं की फसल में सबसे अधिक नुकसान की बात कही जा रही है। आलू की खोदाई रोक दी गई है। खेतों में कटी पड़ी सरसों की फसल नष्ट हो चुकी है। इसी क्रम में गेंहू की फसल तेज बारिश के बारिश खेतों में बिछ गई है।
जिले में फसल की स्थिति
आलू -- 46 हजार हेक्टेयर
सरसों -- 23 हजार हेक्टेयर
गेंहू -- 80 हजार हेक्टेयर
बारिश व ओलावृष्टि से फसल तबाह हो गई है। ऐसे में अगर सरकारी मदद नहीं मिली तो काफी दिक्कतें हो जाएंगी। फसल का मुआवजा सरकार को देना चाहिए, क्योंकि हम तो पूरी तरह से फसल पर ही निर्भर हैं।
- लक्ष्मन सिंह, गेंहू किसान
बेमौसम बारिश के कारण आलू की गुणवत्ता प्रभावित हो जाएगी। आलू के दाम भी अच्छे नहीं मिल सकेंगे। खेतों में पानी भर जाने के कारण फसल को नुकसान हुआ है। खेत से पानी निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। -
अंकित, आलू किसान
बारिश व ओलावृष्टि के कारण अब आलू की खोदाई थम गई है। आलू की पैदावार पर भी प्रभाव पड़ेगा।
- बबलू, आलू किसान
ज्यादातर खेतों में सरसों की फसल कट चुकी है। फसल कट कर खेतों में पड़ी हुई है। बारिश के कारण कटी सरसों नष्ट हो गई है।
- राजू, सरसों किसान
बारिश व ओला वृष्टि से फसल को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। गेंहू की फसल गिरी है,तो उसका आकलन कराया जाएगा। इसके लिए टीमें बनाकर सर्वे कराया जाएगा।
- आरके सिंह, जिला कृषि अधिकारी
पकी हुई सरसों की फसल को नुकसान होगा। आलू की क्वालिटी में फर्क पड़ेगा। आलू की खुदाई में देरी होगी। तापमान बढ़ने के कारण सड़ने की आशंका बनी रहेगी। किसान अपने खेतों में से जल्द से जल्द जल निकासी करें। सब्जी वर्ग की फसलों में जहां पानी भरा है, वहां फसलों को नुकसान होगा।
- एके सिंह, कृषि वैज्ञानिक