कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र में कस्बा मेंडू में भैरव मंदिर के निकट गुरुवार को एक युवक की लाश पड़ी मिली। लाश को देखकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसके बारे में पुलिस को भी सूचना दी। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने युवक की पहचान कस्बा मेंडू निवासी सुखपाल के रूप में की। परिजनों ने भी मौके पर पहुंचकर युवक के शव की शिनाख्त की है।
पीड़ित के परिजनों ने बताया कि युवक सुखपाल पुत्र रमेश निवासी मोहल्ला धोबियान कस्बा में तांगा चलाकर गुजारा करता था। बुधवार शाम को ताला चलाने के बाद देर शाम को वह घर से अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन इसका कोई पता नहीं चला। सुबह परिजन युवक की तलाश कर रहे थे। इस दौरान कस्बा मेंडू के भरव मंदिर के निकट खेतों में किसी युवक की लाश पड़ी होने की कुछ लोगों को जानकारी दी।
जानकारी होने पर कस्बा मेंडू और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। इस दौरान युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और इन लोगों ने युवक की पहचान कर ली है। देर शाम कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस को मृतक के बडे़ भाई अरविंद कुमार ने पड़ोस के ही कुछ लोगों को नामजद करते हुए तहरीर सौंपी है। इसमें आरोप है कि यह युवक उसके भाई सुखराम को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद इन लोगों ने मौका देखकर उसकी हत्या कर दी और शव को भैरव मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया।
कस्बा मेंडू में युवक सुखपाल की हत्या के बाद मौके पर सपा के वरिष्ठ नेता रामनारायण काके भी अपने सहयोगियों के साथ पहुंचे।उन्होंने पुलिस अधिकारियों से इस संबंध में वार्ता कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने इस मौके पर पीड़ित परिवार को ढांढस भी बंधाया। काके के साथ जाकिर कुरैशी, वारिस राजा, गंगा सिंह सेंगर, विजय राजपूत, छोटू पंडित, राजू खां, बशीर खां, यादराम सूर्यवंशी, गिरीश दिवाकर, रामप्रकाश दिवाकर आदि प्रमुख थे।
- शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पीड़ित परिवार से तहरीर प्राप्त हो चुकी है। विधिवत रूप से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- तेजवीर सिंह यादव, एसओ हाथरस जंक्शन