हाथरस जंक्शन स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर रविवार देर रात एक वृद्ध का शव पड़ा देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जीआरपी मौके पर पहुंच गई। सोमवार रात तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
यह शव जिस जगह रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला, वहां ऊपरगामी पुल से हाथरस रोड हॉल्ट के लिए एक पुराना रेलवे ट्रैक गुजर रहा है। शव पर मौजूद घावों को देखकर लोगों ने अंदेशा जताया कि वृद्ध का पैर हाथरस रोड हॉल्ट से गुजर रही किसी ट्रेन से फिसला होगा और पुल से टकराकर नीचे से गुजर रहे ट्रैक पर आ गिरा होगा।
हालांकि पुलिस की थ्योरी इससे अलग दिखाई दी। चौकी इंचार्ज महेंद्र कुमार ने बताया कि शव के शरीर पर चोटों को देखकर यह लगता है कि हादसा रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से हुआ है। महेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अलीगढ़ भेजा गया है।