हाथरस। मुरलीधर गजानंद पॉलीटेक्निक कॉलेज की प्रयोगशाला में डीसी (डायरेक्ट करंट) मोटर से तांबे का तार चोरी कर भाग रहे चोर को कॉलेज के चौकीदार ने दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी भाग निकले। चोर के पास से चोरी के तार के अलावा पेचकस, ताला काटने की आरी, प्लास आदि कॉलेज प्रशासन ने बरामद कर लिया। उसके पास से नशे के इंजेक्शन भी मिले हैं। चोर को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को चोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
कॉलेज के इलेक्ट्रिकल डिपार्टमेंट के इंचार्ज भूपेंद्र कुमार ने बताया कि चार महीने में यह दूसरी बार है जब गिरीश उनके परिसर में चोरी के आरोप में पकड़ा गया है। पहले भी इसके विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई थी और पुलिस ने इसे जेल भेज दिया था। उन्होंने बताया कि तांबे का तार निकाले जाने से कॉलेज की 50 हजार रुपये कीमत की मोटर बेकार हो गई है।
सदर कोतवाल मनोज शर्मा के मुताबिक कॉलेज में परीक्षा के कारण लैब बंद थी। चौकीदार के आने की भनक लगने पर आरोपी गिरीश निवासी खुटीपुरी, मुरसान लैब में बने रोशनदान से बाहर की ओर कूदा जिससे उसके पैर में चोट आई है। उसके दो साथी दीपक निवासी श्रीनगर और नौशाद निवासी लाला के नगला को भी मुकदमे में आरोपी बनाया गया है।