फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सराफ से मारपीट पर भड़के लोग, जाम

Thu, 16 Mar 2017 11:30 PM IST
ब्यूूराे अमर उजाला/ हाथरस/ हसायन।
विज्ञापन
हाथरस जंक्शन पुलिस से होती ग्रामीणों की नोकझोंक। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हाथरस जंक्शन कोतवाली के कस्बा महौ गुरुवार की सुबह मामूली कहासुनी के बाद गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा। कस्बे के बाजार में गोलियां चलते ही बाजार में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने सराफा व्यापारी की दुकान पर पहुंचकर उससे मारपीट और फायरिंग भी की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इन लोगों ने पहले उनकी दुकान और फिर घर पर पहुंचकर भी फायरिंग की। सूचना पर पहले यूपी 100 की गाड़ी मौके पर पहुंची और फिर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। व्यापारियों ने विरोध में दुकानें बंद कर दीं और पुलिस पर मौके पर पहुंचने में जानबूझकर देरी करने का आरोप लगाते हुए सासनी-जलेसर मार्ग पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन

ग्रामीणों का कहना था कि केशोपुर पुलिस चौकी के सिपाही आदर्श इंटर कॉलेज पर ही डयूटी कर रहे थे मगर कोई भी पुलिस कर्मी फायरिंग होने के बाद भी मौके पर नही पहुंचा। जानकारी के अनुसार गिर्राज कुमार सोनी पुत्र ताराचंद्र सोनी की गांव के ही मुख्य बाजार में सराफ की दुकान हैं। बताते हैं कि बुधवार को गिर्राज सोनी के पुत्र से बंदीपुर के प्रधान संजू तोमर से किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट हो गई। आरोप है कि इन लोगों ने गिर्राज सोनी के पुत्र को सुबह दस बजे तक मारने की धमकी दे दी। गिर्राज सोनी के परिजन दुकान खोलकर गांव के लोगों से इस मामले की जानकारी पुलिस को देने के बारे में बात कर ही रहे थे। तभी आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने अपने कुछ हथियारबंद साथियों के साथ दुकान पर पहुंचकर गिर्राज सराफ  के पुत्र मनोज और गौरव को दुकान से उतारकर गाली-गलौज मारपीट करते हुए फायरिंग कर दी। मनोज सोनी ने बताया कि संजू प्रधान द्वारा दुकान से तिजोरी खोलकर सोने-चांदी के जेवरों से भरा थैला और 50 हजार रुपये की नकदी लूटी गई है और ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर बंदीपुर प्रधान और उनके साथियों की घेराबंदी की तो वह फायरिंग करते हुए भाग जाने में सफल रहे। वहीं घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। दुकानें बंद होने के साथ लोगों ने जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने कोतवाल हाथरस जंक्शन को जमकर खरी-खोटी सुनाईं और कहा कि एसपी और सीओ के आने पर ही जाम खोला जाएगा। ग्रामीणों ने वहां पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। जाम की सूचना पर हसायन और सिकंदराराऊ थानों की पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों को जैसे-तैसे समझा-बुझाकर जाम खुलवाया गया। घटना की रिपोर्ट गिर्राज सोनी ने बंदीपुर के प्रधान संजू तोमर सहित पांच लोगों के खिलाफ  दर्ज कराई है। पुलिस ने चार आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तार भी कर लिया है।

लूटपाट की बात गलत है। फायरिंग होने की जानकारी मिली है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके पर अब पूरी तरह शांति है।
विज्ञापन
विज्ञापन

राकेश वशिष्ठ, सीओ सिकंदराराऊ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें