हाथरस। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव भोगांव जायस में बुधवार रात को बदमाशों ने एक घर में धावा बोलकर लाखों के जेवरात और नकदी लूट ली। बदमाशों के जाने के एक घंटे बाद परिजनों ने पुलिस को लूटपाट की सूचना दी। पुलिस एक घंटे बाद मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। लूटपाट की शिकायत दर्ज करने को थाना पुलिस को तहरीर दी गई है।
रवेंद्र मोहन पुत्र नत्थीलाल का कहना है कि रात करीब दो बजे कुछ बदमाश छत के रास्ते से घर में घुस आए। आते ही उन्होंने सभी परिजनों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद मेन गेट का ताला खुलवाकर बाकी बदमाशों को अंदर बुला लिया। बदमाश संख्या में करीब छह-सात थे। सभी ने नकाब पहना हुआ था। परिजनों को मारपीट कर भयभीत करने के बाद एक कोने में बैठने को कहा गया। इसके बाद बदमाश घर में रखा एक मंगलसूत्र, एक हार, दो अंगूठी, दो जोड़ी कुंडल, नौ जोड़ी पायल और 25 हजार रुपये कैश ले गए। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार का कहना है कि दी गई तहरीर पर जल्द मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। बदमाशों की पहचान की जा रही है। जंक्शन क्षेत्र से लगे कुछ गांवों के बदमाश चोरी आदि को अंजाम दे रहे हैं। जल्द इनकी धरपकड़ की जाएगी।