बदमाशों द्वारा बंधक बनाए गए घर के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे के मोहल्ला बरीवाला में गुरुवार की देर रात हथियारों के बल पर मकान पर डाका डाला गया। बदमाशों ने घर में घुसकर न सिर्फ अलमारी, बक्सों को खंगाल डाला, बल्कि घर में मौजूद बच्चों को बांध दिया और महिला को चाकू के प्रहार से घायल कर कमरे में बंद कर दिया।
बदमाश मकान से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर काफी लोगों की भीड़ घटना स्थल पर जुट गई। पुलिस ने भी घटना स्थल का मौका मुआयना किया।
मोहल्ला बरीवाला में हरीशंकर पुत्र रामकिशन का मकान है।
गुरुवार को हरीशंकर कैला-करौली के दर्शनों के लिए गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी ऊषा देवी व तीन बच्चे अंकित, विशेष और निधि मौजूद थे। ऊषा ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे 10-12 बदमाशों ने छत के रास्ते से झीने का दरवाजा क्रिकेट के बैट से तोड़कर लोहे के जाल पर रस्सा डालकर घर में नीचे उतर आए और मेरे हाथ पर चाकू से प्रहार कर मुंह बंद कर कमरे में बंद कर दिया।
इसके अलावा तीनों बच्चों के हाथ पैर बांधकर उन पर तमंचा तान दिया और मारपीट की। घटना के वक्त छह बदमाश घर के अंदर रहे तथा शेष बदमाश घर की छत पर रहे। बदमाशों ने पूरे घर को खंगाला डाला। बदमाश अलमारी व अन्य जगहों पर रखे चार जोड़ी पायल, चार कौंधनी चांदी की, सोने की पांच अंगूठी, तीन सोने की चैन, एक सोने का टीका, एक नथ, छह लच्छे के अलावा दो लाख रुपये नकद और छह सिलेंडर तथा तीन मोबाइल ले गए।
ऊषा ने बताया कि उसका एक बेटा हिमांशु दूसरे मकान में सोया हुआ था। हिमांशु ने सुबह आकर बाहर से बंद घर का दरवाजा खोला और सबको बंधनमुक्त किया। पड़ोसी प्रमोद ने घटना की जानकारी यूपी 100 को दी, तब जाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मौका मुआयना किया। मौका मुआयना के बाद घटना से पीड़ित बच्चे और महिला थाने पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।