ई-रिक्शा चालक की लूट का आरोपी पुलिस के साथ
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। सासनी में 18 मई को चालक को गोली मारकर ई-रिक्शा लूटने की वारदात का शुक्रवार को सासनी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस का कहना है कि पकड़ा गया आरोपी यहां एक ब्रेकरी में काम करता था। नौकरी से निकाले जाने पर वह बेरोजगार था। इसने दूसरे आरोपी के साथ मिलकर ई-रिक्शा लूटने की योजना बनाई थी, जो सफल नहीं हुई।
अपने कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि गजेंद्र सिंह पुत्र रामदास मूल रूप से कृष्णा नगर, अलीगढ़ का रहने वाला है। वह पिछले कुछ समय से यहां इगलास अड्डे पर ज्ञानगढ़ बगीची पर रह रहा था। यहां उसकी मुलाकात प्रदीप पुत्र शिव सिंह चौहान से हुई। प्रदीप की बेकरी की नौकरी जाने के बाद दोनों ने लूट की योजना बनाई थी। इगलास अड्डे से अली मोहम्मद पुत्र उलपत खां निवासी कोरना के ई-रिक्शा को सासनी तक किराए पर ले जाया गया। सासनी में हनुमान चौकी से नगला घना मोड़ पर अली मोहम्मद को धमकाकर रिक्शा लूटने की कोशिश की गई। विरोध करने पर उसके सीने में गोली मार दी गई। इसके बाद दोनों ई-रिक्शा लेकर भागे, लेकिन उसकी स्पीड नहीं होने पर पकड़े जाने के डर से एक किलोमीटर दूर ही दोनाें रिक्शा छोड़कर भाग गए। लूट करते समय वहां से गुजरते एक दूधिया ने दोनों को देख लिया, जो संयोग से गजेंद्र का रिश्तेदार भी था। दूधिया से मिली जानकारी के आधार पर ही पुलिस इस घटना का खुलासा कर सकी। एसपी ने बताया कि अली मोहम्मद की हालत अब खतरे से बाहर है। उनका अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। पकड़े गए आरोपी से पुलिस ने एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं। उसके विरुद्ध 25 आर्म्स एक्ट और धारा 307 व 393 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।