हाथरस। मुकेश हत्याकांड में कोतवाली हाथरस गेट पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस जल्द ही इस हत्याकांड से पर्दा हटाने का दावा कर रही है। गुरुवार को पुलिस ने शक के आधार पर मुकेश के कुछ करीबियों से भी पूछताछ की।
सोखना के मुकेश कुमार होली से लापता था। उनका शव बुधवार सुबह जलालपुर और बाघऊ के बीच नहर की पुलिया के नीचे पड़ा मिला था। क्षत-विक्षत शव की शिनाख्त परिजनों ने मुकेश के रूप में की। पुलिस ने मुकेश के दोस्त हरीश निवासी रमनगला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
बुधवार को पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की। इनमें कुछ मुकेश के करीबी भी थे। मुकेश के परिजनों ने उसके दोस्त हरीश पर होली के लिए घर से बाहर ले जाकर हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है। होली के दो दिन बाद चार मार्च को परिजनों ने हरीश को पकड़कर पुलिस को सौंपा था लेकिन हरीश ने पूछताछ में पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी थी।
कोतवाल अनिल कुमार सिंह का कहना है कि पूछताछ में काफी अहम जानकारी हाथ लगी है। हरीश की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। इस मामले से जल्द ही पर्दा हटाया जाएगा।