सासनी। गंगा स्नान को यात्री लेकर जा रहे लोडर टेंपो में शनिवार रात हनुमान चौकी के पास मास कॉलेज के सामने अलीगढ़ से आ रहे डंपर ने रौंद दिया। इसमें मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौदह यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। मृतका के पुत्र नीलकमल भारती पुत्र धर्मजीत निवासी देवखेड़ा थाना पचोखरा जिला फीरोजाबाद की तहरीर के आधार पर दुर्घटना की रिपोर्ट अज्ञात चालक के खिलाफ दर्ज कराई है।
फीरोजाबाद जनपद के गांव देवखेड़ा थाना पचोखरा निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र धर्मजीत और उनकी मां गुड्डी देवी पत्नी धर्मजीत अपने गांव के करीब एक दर्जन से अधिक महिला पुरुषों के साथ टेंपो में बैठकर शनिवार की रात गंगा स्नान के लिए राजघाट जा रहे थे। मध्य रात के करीब टेंपो जैसे ही आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हनुमान चौकी के निकट पहुंचा वैसे ही सामने से तेज गति से आ रहे डंफर ने टेंपो को रौंद दिया। इसमें टेंपो के परखचे उड़ गए। चूंकि पुलिस चौकी हनुमान निकट ही थी। यात्रियों की चीख पुकार सुनकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना ग्रस्त वाहनों को मौके से हटवा कर घायल हुकम सिंह, जयसिंह, ऊषा देवी, दुर्गेश, पुष्पा देवी, मीना देवी, सोनम, चालक भूरी सिंह, जितेंद्र कुमार को तत्काल उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा। वहीं, दुर्घटना में जितेंद्र व उसकी मां गुड्डी देवी पत्नी धर्मराज की मौके पर ही मौत हो गई। पंचनामा के बाद मां-बेटे के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए।